लुधियाना/यूटर्न/20 अगस्त। थाना लाडोवाल के अधीन आती हंबड़ा पुलिस चौकी में बुधवार देर रात नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपी द्वारा हवालात में शकी हालातों में मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि उसने फंदा लगाकर खुदकुशी की है। मृतक की पहचान गांव खैहरा बेट के रहने वाले बलवीर सिंह के रुप में हुई है। पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दी है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने बताया कि चौकी इंचार्ज प्रितपाल सिंह ने 2 दिन पहले 10 ग्राम हेरोइन के साथ गांव खैहरा बेट के रहने वाले बलवीर सिंह को गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने थाना लाडोवाल में एनडीपीएस एक्ट के अधीन मामला दर्ज करके आरोपी को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड लिया गया था ताकि आरोपी से आगे की पूछताछ की जा सके।
विभाग कर रहा जांच
रिमांड के दौरान आरोपी बलवीर सिंह को हवालात में बंद किया हुआ था और इसी दौरान रात के समय नशा तस्कर बलबीर सिंह हवालात के अंदर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि वीरवार सुबह तक बलवीर एकदम ठीक था। लेकिन जब मुलाजिम उसे नहाने के लिए लेने पहुंचा तो उसने लाश लटकती देखी।
पुलिस की कहानी पर शक
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हवालात में गद्दे पड़े हैं। बलबीर ने गद्दे की जिप काटकर उससे फंदा बनाया था। उसी पर लटककर उसने खुदखुशी कर ली। लेकिन पुलिस की इस कहानी पर शक है। एक्सपर्ट के मुताबिक एक जिप के सहारे कोई व्यक्ति लटक ही नहीं सकता। क्योंकि व्यक्ति के शरीर का भार इतना होता है कि जिप उसे झेल ही नहीं सकती। मामला गंभीर होने के चलते अभी विभाग के उच्च अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है।
पहले महिला द्वारा थाने में किया गया था सुसाइड
इससे पहले थाना दुगरी पुलिस ने 4 अगस्त 2017 को रमनदीप कौर नामक महिला को ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस दौरान रमनदीप ने बाथरुम में जाकर शकी हालातों में फंदा लगाकर खुदखुशी कर ली थी। इस मामले की जांच सीबीआई द्वारा की गई। सीबीआई ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया। केस में इंस्पेक्टर दलबीर सिंह (2534), एएसआई सुखदेव सिंह (1332), महिला कॉन्स्टेबल राजविंदर कौर और अमनदीप कौर को आरोपी बनाया गया। तब पुलिस द्वारा एसआईटी बनाई गई थी। लेकिन रमनदीप के रिश्तेदारों ने एसआईटी की रिपोर्ट पर सवाल खड़े किए थे। जिसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया। कोर्ट के आदेशों पर सीबीआई जांच शुरु हुई।
----