पंजाब/यूटर्न/17 जून। फिरोजपुर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 2 अलग-अलग ऑपरेशनों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5.775 किलोग्राम हेरोइन, 1,33,640 प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट, 39 कारतूस तथा 36,600 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जिले में सक्रिय नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना अरिफ के और थाना ममदोट में एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े हुए थे। पुलिस अब बरामद हेरोइन और प्रतिबंधित दवाओं के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
वित्तीय लेन-देन, तस्करी के नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। आरोपियों के वित्तीय लेन-देन, तस्करी के नेटवर्क और उनके अन्य सहयोगियों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर काम किया जा रहा है। फिरोजपुर पुलिस ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा और नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
----