लुधियाना/यूटर्न/20 अगस्त। मोती नगर में केमिकल से भरा एक ट्रक बिजली की तारों की चपेट में आ गया। जिस कारण ट्रक को आग लग गई। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं। इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों द्वारा तुरंत इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड विभाग को दी गई। जिसके बाद पीछे से बिजली सप्लाई बंद की गई। फायर विभाग द्वारा मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि ट्रक में लोड कीमती केमिकल नष्ट हो गया। लोगों ने बताया कि वीरवार दोपहर को केमिकल से भरा ट्रक इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गया। तारों से निकली चिंगारी के कारण ट्रक में लदे केमिकल ने आग पकड़ ली और कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं। आग लगने से आसपास के घरों के बिजली मीटर भी जल गए। लोगों के मुताबिक, कुछ घरों में दरारें भी आई हैं। घटना के समय घरों में लोग मौजूद थे, जिन्हें पीछे के रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
----