गुरुग्राम में साइबर अपराधियों पर कार्रवाई, ढाई करोड़ की ठगी का भंडाफोड़
गुरुग्राम (Narendra Singh Danu) : निवेश के नाम पर 2.53 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का गुरुग्राम पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को दिल्ली से पकड़ा गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर) गौरव फोगाट ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पासबुक और साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को साइबर अपराध थाना पश्चिम, गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ निवेश के नाम पर करीब 2.53 करोड़ रुपये की ठगी की गई। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसीपी गौरव फोगाट के निर्देश पर निरीक्षक अमित की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जनक (विवेक विहार, दिल्ली), दिनेश कुमार (बावल, रेवाड़ी) और पवन कुमार (फतेहाबाद) के रूप में हुई है।
जांच में खुलासा हुआ कि ठगी की रकम में से 15 लाख रुपये एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसी खाते से जुड़े मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
25 हजार वेतन और बोनस पर करते थे काम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गिरोह के निर्देश पर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करते थे। इसके बदले उन्हें 25 हजार रुपये मासिक वेतन और ठगी की राशि में से बोनस मिलता था।
आरोपियों ने यह भी बताया कि उनका संपर्क अन्य साइबर ठगों से Telegram के जरिए हुआ था और वे पिछले छह महीने से इस गिरोह के लिए काम कर रहे थे।
बरामदगी में शामिल:
36 मोबाइल फोन
53 एटीएम कार्ड
24 बैंक पासबुक
5 चेकबुक
2 आईपी कैमरा
बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबर
पुलिस के अनुसार, बरामद आईपी कैमरे सिम बॉक्स और साइबर अपराध गतिविधियों की निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूरे नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।