लुधियाना, 21 फरवरी। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार को शहर दौरे के दौरान बुद्धा दरिया पुनर्सुरजीत परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दरिया में गोबर या औद्योगिक गंदा पानी छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल, मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर, नगर निगम कमिश्नर डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता और अन्य अधिकारियों के साथ राज्यपाल ने ताजपुर रोड स्थित ‘संगत घाट’ के पास दरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने ताजपुर रोड डेयरी कॉम्प्लेक्स में स्थापित एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) का भी जायजा लिया और दरिया में नाव यात्रा कर जमीनी स्थिति देखी।
इसके बाद पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी हिमांशु जैन, पीपीसीबी, सीवरेज बोर्ड व अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
राज्यपाल ने कहा कि दरिया का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है, इसलिए इसके प्रदूषण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग और उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए तथा नागरिकों से भी सफाई अभियान में सहयोग की अपील की।