चंडीगढ़ में 17 और 18 अगस्त को संसदीय राजभाषा की आलेख एवं साक्ष्य उप-समिति ने 12 शहरों के 84 कार्यालयों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम का आयोजन पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल ने किया। समिति ने सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग और राजभाषा नीति के क्रियान्वयन की समीक्षा की। अध्यक्ष भर्तृहरि महताब समेत सांसदों की उपस्थिति ने कार्यालयों में हिंदी के बढ़ते प्रयोग को प्रोत्साहन दिया।
पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : दिनांक 17 एवं 18 अगस्त 2026 को चंडीगढ़ में संसदीय राजभाषा की आलेख एवं साक्ष्य उप-समिति द्वारा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति से संबंधित 12 शहरों के 84 कार्यालयों का निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ । इस दो दिवसीय महत्वपूर्ण कार्यक्रम को पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल द्वारा चंडीगढ़ में आयोजित किया गया |
संसदीय राजभाषा निरीक्षण हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन, सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग तथा राजभाषा नीति के प्रति विभिन्न कार्यालयों की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा। इस निरीक्षण में पानीपत नराकास के साथ साथ कुरुक्षेत्र, करनाल, लुधियाना (02 नराकास), मोहाली, जींद, मनसा, पटियाला, रूपनगर, फतेहगढ़ और कालका के कुल 84 कार्यालय शामिल रहे | समिति के माननीय अध्यक्ष श्री भर्तृहरि महताब, सांसद (लोक सभा), के साथ माननीय सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा, सांसद (राज्य सभा), श्री उज्ज्वल रमण सिंह, श्री श्रीरंग आप्पा बारणे, श्री विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी, श्री शंकर लालवानी तथा श्री सतीश कुमार गौतम, सभी सांसद (लोक सभा), की गरिमामयी उपस्थिति ने सभी कार्यालयों में राजभाषा के उतरोत्तर प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया । इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख एवं अध्यक्ष, नराकास पानीपत श्री एम. एल. डहरिया के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समग्र रूप से 17 एवं 18 अगस्त 2026 का आयोजन न केवल अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफल रहा, बल्कि इसने नराकास पानीपत तथा इंडियनऑयल पानीपत रिफाइनरी की राजभाषा हिंदी के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता, उत्कृष्ट प्रशासनिक समन्वय और सामूहिक कार्यक्षमता को भी प्रभावशाली रूप से प्रदर्शित किया।