जीरकपुर 28 Feb : डी-मार्ट के पीछे उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से लोडिंग टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय स्कॉर्पियो में दो लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था। हादसे के तुरंत बाद वह वाहन छोड़कर भाग निकला। स्कॉर्पियो में सवार दूसरे युवक को सड़क सुरक्षा फोर्स ने मौके पर ही काबू कर लिया और जीरकपुर पुलिस के हवाले कर दिया।
काबू किए गए युवक की पहचान हिमांशु पुत्र जयवीर निवासी रोहतक के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर फरार चालक की तलाश में जुटी है। घायल टेंपो चालक की पहचान राहुल निवासी रामगढ़ बुद्ध के रूप में हुई है।
सड़क सुरक्षा फोर्स ने मानवीय पहल करते हुए घायल को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया और तुरंत डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार राहुल की आंख पर पांच टांके लगे हैं, जबकि बाजू और पैर पर भी गहरी चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
इस हादसे ने क्षेत्र में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जीरकपुर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से डी-मार्ट क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त और स्पीड कंट्रोल के सख्त इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।