जीरकपुर 04 March : लेक व्यू सोसाइटी के सामने डीपीएस स्कूल से किशनपुरा जाने वाली सड़क पर तेज रफ्तार ट्रॉले की टक्कर से एक डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी बाईं टांग घुटने के नीचे से काटनी पड़ी। पुलिस ने ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
घायल की पहचान अविदेश कुमार (21) पुत्र बतन दास निवासी जिला भागलपुर, बिहार के रूप में हुई है। वह पिरमुछल्ला स्थित ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी का काम करता है। 26 फरवरी को वह अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर ड्यूटी के दौरान था। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे वह एक साथी के साथ जा रहा था।
बताया गया है कि आगे सरिया लदा ट्रॉला चल रहा था। साथी के निकलने के बाद जैसे ही अविदेश ट्रॉले को ओवरटेक करने लगा, सामने से कार आने पर ट्रॉला चालक ने अचानक कट मार दिया। इससे बाइक ट्रॉले से टकरा गई और पीछे का टायर युवक के ऊपर से गुजर गया।
राहगीरों ने चालक को मौके पर काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को पहले सिवersu अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। वहां ऑपरेशन के दौरान उसकी बाईं टांग घुटने के नीचे से काटनी पड़ी।
थाना ढकौली पुलिस ने चालक जगबीर सिंह निवासी गांव वैरोवाल, जिला तरनतारन के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।