अजीत झा,
चंडीगढ़ 05 March । शहर के मौलीजागरां थाना क्षेत्र के विकास नगर में गुरुवार शाम दिनदहाड़े एक युवक पर तलवारों से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब 10 से 15 युवकों ने मिलकर युवक को घेर लिया और उस पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में युवक के दोनों हाथों पर गहरी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान मोहम्मद गुफरान के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक गुरुवार शाम करीब चार बजे गुफरान विकास नगर इलाके में मौजूद था। इसी दौरान अचानक 10 से 15 युवक वहां पहुंचे और उसे घेरकर तलवारों व अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके हाथों पर बेरहमी से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
इलाके में मची अफरा-तफरी
दिनदहाड़े हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल गुफरान को उठाकर अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला इतना अचानक और तेज था कि लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
पहले भी हो चुका है हमला
परिवार का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है जब गुफरान पर हमला हुआ हो। कुछ महीने पहले भी कुछ युवकों ने उस पर हमला किया था, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। परिजनों का कहना है कि उस समय आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण उनके हौसले बढ़ गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मौली जागरण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि मौली जागरण और विकास नगर इलाके में पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं है, जिसके कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।फिलहाल मौलिजागरां थानापुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।