जीटी रोड पर भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी
विज बोले— विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, तय समय में पूरा हो हर प्रोजेक्ट
अम्बाला 02 Jan ।
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने अम्बाला-मोहाली एक्सप्रेस-वे सहित जिले में चल रही व प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि अम्बाला-मोहाली एक्सप्रेस-वे का निर्माण तेजी से चल रहा है और इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद है। एक्सप्रेस-वे के बन जाने से चंडीगढ़, मोहाली और आसपास के शहरों तक आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा।
मंत्री ने अम्बाला छावनी से पंचकूला-सहारनपुर हाईवे को जोड़ने की परियोजना को लेकर भी अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और शीघ्र योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
श्री अनिल विज ने जीटी रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर नई सर्विस लेन के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि यह कार्य तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने रेलवे कॉलोनी से आने वाले अंडरपास को भी मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सर्विस लेन जून 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
बॉक्स स्टोरी : इन अहम मुद्दों पर भी हुई चर्चा
जीटी रोड पर सब-वे: अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के बीच जीटी रोड के नीचे सब-वे निर्माण की परियोजना तैयार, जल्द कार्य शुरू होगा।
फेंसी लाइट्स: अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन से मोहड़ा सीमा तक जीटी रोड पर फेंसी लाइटें लगाने की योजना।
शहीद स्मारक के लिए विशेष सुविधा: शहीद स्मारक व प्रस्तावित विज्ञान केंद्र तक पहुंच आसान बनाने के लिए एस्केलेटर, ओवरब्रिज या सब-वे की परियोजना बनाने के निर्देश।
मच्छौंडा फ्लाईओवर: प्रस्तावित फ्लाईओवर के लिए संबंधित विभागों को संयुक्त साइट निरीक्षण कर शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश।
सिविल अस्पताल एस्केलेटर: सिविल अस्पताल के सामने लगे एस्केलेटर को नियमित रूप से चालू रखने और रखरखाव सुनिश्चित करने पर चर्चा।
मंत्री विज ने स्पष्ट कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जाएं ताकि आम जनता को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।