फगवाड़ा/यूटर्न/25 मार्च। सर्व नौजवान सभा रजि. फगवाड़ा द्वारा सोसवा पंजाब के सहयोग से स्कीम नंबर 3, होशियारपुर रोड फगवाड़ा में चलाए जा रहे वोकशनल ट्रेनिंग सेंटर का आज प्रसिद्ध समाज सेवक एवं एन.आर.आई. तीर्थ सिंह यू.एस.ए. द्वारा दौरा किया गया। उन्होंने सभा द्वारा महिलाओं को करवाए जा रहे विभिन्न कौशल आधारित कोर्सों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। सभा के प्रधान सुखविंदर सिंह ने तीर्थ सिंह को ट्रेनिंग सेंटर में चल रहे कोर्सों के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सेंटर द्वारा कटिंग-टेलरिंग, स्किन एंड हेयर, कंप्यूटर और होम केयर जैसे कौशल आधारित कोर्स करवाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से युवाओं, विशेषकर लड़कियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभा का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों को शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध करवाना है, ताकि वे आत्म विश्वास से परिपूर्ण और आर्थिक रूप से मजबूते हो सकें। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में और अधिक समाजसेवी प्रोजेक्ट तथा लोक-भलाई के कार्य शुरू करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। तीर्थ सिंह यू.एस.ए. ने प्रशिक्षण ले रही लड़कियों से बातचीत करते हुए उनके प्रशिक्षण के प्रति उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे ट्रेनिंग सेंटर समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, क्योंकि यह युवाओं को कुशल बनाकर रोजगार योग्य बनाते हैं। उन्होंने सभा के प्रयासों की भी भरपूर सराहना की और भविष्य में भी पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। सभा की ओर से तीर्थ सिंह यू.एस.ए. को सम्मानित भी किया गया। अंत में तीर्थ सिंह यू.एस.ए. का हार्दिक आभार प्रकट करते हुए सभा के महासचिव डा. विजय कुमार ने कहा कि ऐसे समाज सेवकों के प्रोत्साहन के बल पर सभा और अधिक उत्साह से कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि तीर्थ सिंह यू.एस.ए. द्वारा सभा के वार्षिक सामूहिक विवाह समारोहों में भी हमेशा अमूल्य सहयोग प्राप्त होता है, जिसके लिए सभा के सभी पदाधिकारी और सदस्य उनके आभारी हैं। इस अवसर पर सभा के उपप्रधान रविंदर सिंह राय, जगजीत सेठ मैनेजर, नरेंद्र सिंह सैनी, गुरशरण बासी, राकेश कोछड़, गुलशन कपूर, रणजीत सिंह बेदी, सेंटर ट्रेनर मैडम आशू बग्गा, मैडम सुखप्रीत कौर, मैडम गुरजीत कौर तथा मैडम लक्ष्मी आदि उपस्थित थे।