हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने डेराबस्सी हलके की विभिन्न अनाज मंडियों का दौरा कर गेहूं की सरकारी खरीद प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ करवाया। इस दौरान उन्होंने धनौनी, अमलाला, लालड़ू, जड़ौत, तसिंबली और समगौली की मंडियों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से सीधा संवाद भी किया।
विधायक रंधावा ने मंडियों में गेहूं लेकर पहुंचे किसानों को सिरोपाओ भेंट कर सम्मानित किया और उनका मुंह मीठा करवाते हुए खरीद प्रक्रिया की शुरुआत की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की परेशानी न आने दी जाए और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
धनौनी मंडी में किसान मेजर सिंह (गांव परागपुर) की फसल एम.एम. ट्रेडर्स के माध्यम से तथा किसान राजबीर सिंह की फसल जगन्नाथ पवन कुमार (जे.एन.पी.के.) के जरिए खरीदी गई। इसी तरह अमलाला मंडी में सरबजीत सिंह की फसल एन.एन. एंटरप्राइजेज, लालड़ू में नविंदर कुमार की फसल जूमा राम भगवान दास, जड़ौत में गुरलाल सिंह की फसल करण एंटरप्राइजेज, तसिंबली में बलजीत सिंह की फसल रघुनाथ दास सोहन लाल और समगौली में जय सिंह की फसल मंगला ट्रेडिंग कंपनी के माध्यम से खरीदी गई।
इस अवसर पर विधायक ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए गांव अंताला की सुमन रानी, जिनके पति की सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी, तथा गांव भूखड़ी की रजनी देवी, जिनके पति की खेत में करंट लगने से मृत्यु हो गई थी, को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
इस मौके पर एसडीएम डेराबस्सी, मार्केट कमेटी के चेयरमैन, मंडी सचिव, किसान विंग के पदाधिकारी, नगर काउंसिल प्रतिनिधि, पंच-सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य और आढ़तीगण सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।