अमृतसर/यूटर्न/19 अप्रैल। तरनतारन में कांग्रेस पार्टी से जुड़े समर्थक और किसान नेता का रविवार सुबह 11 बजे गोली मारकर मर्डर कर दिया गया। यह घटना गांव गंडीविंड धत्तल में हुई। दो अज्ञात युवक घर के बाहर पहुंचे और किसान नेता को किसी बहाने से बाहर बुलाया। जैसे ही वह आए तो घात लगाकर खड़े हमलावरों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावर कौन थे इसकी अभी पुलिस जांच कर रही है। मृतक की पहचान आत्मा सिंह पुत्र महिंदर सिंह के रूप में हुई है गोलियां लगने से आत्मा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल से सबूत जुटा रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थाना चोहला साहिब की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।साथ ही, घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। एसपी रिपुतपन ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी तरह की धमकी, फिरौती या गैंगस्टर एंगल सामने नहीं आया है।
हत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
---