पंजाब/यूटर्न/2 जून। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने सीनियर अकाली नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि उसकी मूंछें कहां गईं। उसे अब सामने आना चाहिए। माझे का जरनैल बनकर आगे आए। ये कागजों वाले शेर हैं। इन्होंने लोगों को फंसाया और खुद फरार हो गया। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी की है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को पता चल गया है कि गुंडागर्दी इनके खून में बसी हुई है। यह पुलिस के काम में किस तरह बाधा डाल रहा है, सबके सामने है। कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हम उसे तलाश रहे हैं। उन्होंने ये बातें मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मजीठिया पर सवाल पूछने पर कहीं। वहीं, मजीठिया पर अमृतसर के मजीठा थाने में दर्ज एफआईआर के बाद को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट से पंजाब सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए बुधवार तक का टाइम मांगा है। अब इस मामले पर बुधवार फिर सुनवाई होगी।
छह ठिकानों पर हुई रेड
हाईकोर्ट ने 1 जून को अकाली दल की याचिका पर डीजीपी, अमृतसर रूरल के एसएसपी और मजीठा थाने के एसएचओ को नोटिस जारी किया था। मजीठिया पर आरोप है कि उन्होंने रविवार को जबरन मजीठा पुलिस थाने में घुसकर एक आरोपी जोबनजीत सिंह को जबरन छुड़ा लिया। पुलिस वालों के मोबाइल छीनने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर सोमवार को मजीठिया व उनके करीबियों को अमृतसर व चंडीगढ़ स्थित 6 ठिकानों पर रेड की थी।
----