लुधियाना 15 Jan : गांव अयाली कलां स्थित गुरुद्वारा श्री थड़ा साहिब में मकर संक्रांति के अवसर पर बांटे गए गजरेले को खाने से करीब 50 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बुधवार को प्रसाद ग्रहण करने के कुछ समय बाद लोगों को उल्टी, दस्त और चक्कर आने की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सभी मरीजों का इलाज किया गया और उनकी हालत में सुधार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन लुधियाना के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव अयाली कलां पहुंची और मौके पर जांच की। सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गजरेला सुबह ताजा बनाया गया था और दो बार लंगर में परोसा गया। बताया गया कि दूसरी बार परोसे गए गजरेले को खाने के बाद ही लोगों की तबीयत खराब हुई।
स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर इलाके के 510 घरों का डोर-टू-डोर सर्वे कराया, जिसमें कुछ अन्य लोगों में भी फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण पाए गए। हालांकि स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है।
जांच के तहत उस हलवाई की दुकान से घी और खोये के सैंपल लिए गए हैं, जहां से गजरेला तैयार किया गया था। ये सैंपल लैब में भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।