नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता, पलवल में दो भाइयों की गिरफ्तारी
पलवल: जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत होडल क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को 50 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीला पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच होडल की टीम बहीन क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गांव गुराकसर निवासी अकीम और आबिद स्मैक की अवैध बिक्री में शामिल हैं और कोंडल मोड़ के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बाइक चला रहे आबिद के पास कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला, जबकि पीछे बैठे अकीम की जेब से प्लास्टिक की पुड़िया में 50 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ बहीन थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि स्मैक की सप्लाई कहां से आई और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था।