पुलिस की मेहनत रंग लाई, हिसार में 10 मोबाइल फोन उनके मालिकों को मिले
हिसार: जिला पुलिस की साइबर सुरक्षा शाखा ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाने में सफलता हासिल की है। जून माह के पहले सप्ताह के दौरान प्राप्त मोबाइल गुमशुदगी की 10 शिकायतों का समाधान करते हुए पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य के 10 मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में मोबाइल फोन के असली मालिकों को बुलाकर उन्हें उनके फोन सौंपे। लंबे समय बाद अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर की और पुलिस व साइबर सुरक्षा शाखा का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर सुरक्षा शाखा को प्रतिदिन मोबाइल गुम होने से संबंधित शिकायतें प्राप्त होती हैं, जिन पर गंभीरता और तत्परता से कार्रवाई की जाती है। आधुनिक तकनीक और साइबर ट्रैकिंग की मदद से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि साइबर सुरक्षा शाखा प्रभारी पीएसआई अमित कुमार के नेतृत्व में मुख्य सिपाही मुकेश सहारण तथा सिपाही कुलदीप, अजय और गोविंद की टीम ने कड़ी मेहनत और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए इन मोबाइल फोन की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मोबाइल प्राप्त करने वालों में सरसाना निवासी कर्मबीर, डोभी निवासी हरिओम, गोविंद नगर निवासी चरणजीत, रामपुरा मोहल्ला निवासी हितेष, नगंथला निवासी सुभाष चन्द्र, अग्रोहा निवासी अजमेर, साकेत कॉलोनी निवासी विनोद कुमार और अमन नगर निवासी सागर सहित अन्य लोग शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि हिसार पुलिस आमजन की सुरक्षा, सहायता और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसी कार्रवाइयों से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।