योग के क्षेत्र में नया कीर्तिमान बनाने की तैयारी, 14 जून को आयोजन
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयुष मंत्रालय रविवार को एक ऐतिहासिक पहल के तहत सबसे बड़े ऑनलाइन योग सत्र का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन आयुष मंत्रालय और हबिल्ड हेल्थ टेक के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।
इस रिकॉर्ड प्रयास में भाग लेने के इच्छुक लोग 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से ऑनलाइन सत्र का लिंक भेजा जाएगा। मंत्रालय ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए भी अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुष मंत्रालय और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान मिलकर एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं। उन्होंने देशवासियों से इस रिकॉर्ड प्रयास का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आधारित यह विशेष ऑनलाइन योग सत्र 14 जून को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय द्वारा ‘गंगोत्री से गंगा सागर’ श्रृंखला के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गंगोत्री धाम में आयोजित विशेष योग सत्र ने प्रतिभागियों को आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा का अनुभव कराया।
यह कार्यक्रम मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के तत्वावधान में संस्कार योगशाला के सहयोग से आयोजित किया गया।