नवंबर में चुनाव की संभावना, केजरीवाल ने सीएम फेस भी घोषित किया
चंडीगढ़: Arvind Kejriwal ने पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में विधानसभा चुनाव फरवरी 2027 के बजाय इसी साल नवंबर 2026 में कराए जा सकते हैं।
बठिंडा में आयोजित एक रोड शो के दौरान केजरीवाल ने पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान करते हुए साफ किया कि Bhagwant Mann ही आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि “अब सिर्फ चार महीने बचे हैं, हमें अभी से पूरी ताकत के साथ काम में जुट जाना है और भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाना है।”
इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, वरिष्ठ नेता Manish Sisodia और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा सहित कई नेता मौजूद रहे। केजरीवाल ने हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों में पार्टी के शानदार प्रदर्शन के लिए जनता का आभार भी व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी ने 8 नगर निगम, 75 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों की कुल 1,977 वार्ड सीटों में से 958 सीटों पर जीत दर्ज की है। केजरीवाल ने दावा किया कि पंजाब में चार साल से चल रही ‘आप’ सरकार के कामकाज से जनता संतुष्ट है।
वहीं, सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस ने स्थानीय निकाय चुनावों में मिलकर ‘आप’ सरकार के खिलाफ रणनीति बनाई थी।
मान ने कहा कि इन दलों ने अपने संसाधनों और रणनीतियों को साझा कर पर्दे के पीछे गठजोड़ किया, लेकिन पंजाब की जागरूक जनता ने उनकी सच्चाई को समझते हुए आम आदमी पार्टी के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि ईमानदार सरकार से घबराए विपक्षी दलों को डर है कि अगर ‘आप’ की जनसेवा इसी तरह जारी रही, तो भ्रष्टाचार की उनकी राजनीति हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।