हैदराबाद में नामकरण को लेकर चर्चा, सड़क को मिल सकता है ट्रंप-टाटा नाम
हैदराबाद (Narendra Singh Danu) : तेलंगाना सरकार ने अपनी नवाचार-आधारित शहरी ब्रांडिंग नीति के तहत हैदराबाद में कई प्रमुख सड़कों का नाम अंतरराष्ट्रीय हस्तियों और वैश्विक कंपनियों के नाम पर रखने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में शहर में ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ का उद्घाटन 23 जून को किया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह एवेन्यू अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के निकट स्थित है और इसके उद्घाटन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरकार की योजना के तहत शहर के अन्य प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को भी वैश्विक पहचान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके साथ ही, रीजनल रिंग रोड (आरआरआर) पर बनने वाली एक नई ग्रीनफील्ड रेडियल सड़क का नाम दिवंगत उद्योगपति रतन टाटा के सम्मान में रखने का निर्णय लिया गया है। सरकार का मानना है कि उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए यह एक उपयुक्त श्रद्धांजलि होगी।
इसी तरह, तकनीकी क्षेत्र में गूगल के वैश्विक प्रभाव को देखते हुए हैदराबाद में एक प्रमुख मार्ग का नाम ‘गूगल स्ट्रीट’ रखने की घोषणा भी की गई है।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, यह पहल राज्य को नवाचार, निवेश और वैश्विक पहचान के केंद्र के रूप में विकसित करने की रणनीति का हिस्सा है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हैदराबाद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक आधुनिक और इनोवेशन-ड्रिवन शहर के रूप में स्थापित किया जाए।