एयर कनेक्टिविटी में बड़ा विस्तार, नोएडा एयरपोर्ट से जम्मू और नवी मुंबई के लिए उड़ानें शुरू
नोएडा (Narendra Singh Danu) : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मंगलवार को दो नए शहरों के लिए वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत हो गई। अकासा एयर ने नवी मुंबई और इंडिगो ने जम्मू के लिए नियमित उड़ान सेवाएं शुरू कीं। इस अवसर पर एयरलाइंस कंपनियों ने उद्घाटन उड़ानों को हरी झंडी दिखाते हुए केक काटकर औपचारिक शुरुआत की।
अकासा एयर नोएडा एयरपोर्ट से संचालन शुरू करने वाली दूसरी एयरलाइन बन गई है। कंपनी ने आज नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ानें शुरू कीं। पहली उड़ान नवी मुंबई से सुबह 7:25 बजे रवाना होकर 9:35 बजे नोएडा पहुंची, जबकि वापसी उड़ान सुबह 10:15 बजे रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे नवी मुंबई पहुंची।
अकासा एयर की मुख्य शासन एवं रणनीतिक अधिग्रहण अधिकारी प्रिया मेहरा ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट से संचालन कंपनी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी के नए अवसर प्रदान करेगा।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि अकासा एयर की शुरुआत क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करेगी और उत्तर भारत में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी।
एयरपोर्ट से फिलहाल बेंगलुरु, हैदराबाद, अमृतसर, जम्मू और नवी मुंबई के लिए दैनिक उड़ानें संचालित हो रही हैं। 1 जुलाई से 11 और शहरों के लिए सेवाएं शुरू होने की संभावना है, जिसके बाद यहां से प्रतिदिन लगभग 28 उड़ानें संचालित होने लगेंगी। एयरपोर्ट को कैट-3 लैंडिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जिससे दिन और रात दोनों समय उड़ान संचालन संभव होगा।
इसके अलावा, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहाल (MRO) सुविधा विकसित करने की जिम्मेदारी अकासा एयर को सौंपी गई है। यह हब लगभग 40 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जिससे विमान मरम्मत की सुविधा देश में ही उपलब्ध हो सकेगी।
इसी बीच, एयरपोर्ट से बुधवार को पहली कार्गो उड़ान शुरू होने की भी संभावना है, जो चेन्नई से पहुंचेगी। कार्गो संचालन एफकॉम कंपनी द्वारा किया जाएगा, जो बोइंग 737-800 मालवाहक विमानों के जरिए लॉजिस्टिक्स सेवाएं प्रदान करेगी।