डेंगू और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को किया जागरूक
होशियारपुर: दलजीत अज्नोहा सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल जी के दिशा-निर्देशों के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा शहरी क्षेत्र के मॉडल टाउन एरिया एवं विभिन्न वार्डों में "हर शुक्रवार डेंगू पर वार" अभियान के अंतर्गत जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इस अवसर पर लोगों को डेंगू, मलेरिया तथा अन्य मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से बचाव संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य स्टाफ एवं नर्सिंग छात्राओं द्वारा लार्वा की जांच भी की गई।
इस दौरान जिला मास मीडिया अधिकारी तरसेम लाल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि डेंगू का मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, कार्यालय तथा आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुराने टायरों, कूलरों, गमलों, ड्रमों, फ्रिज की ट्रे तथा अन्य पानी जमा करने वाले बर्तनों को सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करना चाहिए, ताकि मच्छरों की उत्पत्ति को रोका जा सके।
इस अवसर पर जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. जगदीप सिंह ने बताया कि डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी एवं स्लम क्षेत्रों में घर-घर जाकर मच्छरों के लार्वा की जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया है, जो प्रतिदिन शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर मच्छरों के लार्वा की जांच करती हैं तथा लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक करती हैं।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मॉडल टाउन क्षेत्र में घर-घर जाकर लार्वा की जांच की गई। जहां भी पानी जमा मिला, वहां एंटी-लार्वा स्प्रे किया गया तथा लोगों को मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। लोगों को पूरे बाजू के कपड़े पहनने, पानी की टंकियों को ढककर रखने तथा बुखार आने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जांच करवाने के लिए भी प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जाकर जांच करवानी चाहिए। सरकारी अस्पतालों में डेंगू एवं मलेरिया की जांच और उपचार निःशुल्क उपलब्ध है। इसके लिए विशेष डेंगू वार्ड स्थापित किए गए हैं, ताकि लोगों को शीघ्र एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर संजीव ठाकुर (एच.आई.), जसविंदर सिंह (एच.आई.), गुरदीप सिंह एम.पी.एच.डब्ल्यू. (एम.), ब्रीडिंग चेकर तथा नर्सिंग स्कूल की छात्राएं उपस्थित थीं।