नितिन नवीन का अहम दौरा, पंजाब में पार्टी गतिविधियों को मिलेगी रफ्तार
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 से 22 जून तक तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर रहेंगे। अध्यक्ष पद संभालने के बाद उनका यह पहला दौरा है, जिसे चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
पार्टी के अनुसार, इस दौरे में वे संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और विधानसभा चुनाव की रणनीति की समीक्षा करेंगे। भाजपा ने राज्य की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
दौरे की शुरुआत 20 जून को अमृतसर से होगी, जहां श्री हरमंदिर साहिब, जलियांवाला बाग, दुर्गियाना मंदिर और राम तीर्थ में मत्था टेकेंगे। इसके बाद जालंधर में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
21 जून को वे लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद लुधियाना में नए जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और उद्योगपतियों के साथ बैठक करेंगे।
दौरे के अंतिम दिन 22 जून को चंडीगढ़ में सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों और युवा प्रतिनिधियों के साथ मंथन करेंगे। साथ ही पंजाब भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में भी भाग लेंगे, जिसमें आगामी चुनाव को लेकर रणनीति तय की जाएगी।