मोहाली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन में विवाद,नए प्रधान की एकतरफा घोषणा खारिज
कार्यकारिणी समिति ने कहा— चुनाव प्रक्रिया को दरकिनार करना असंवैधानिक
मोहाली 19 Jan : मोहाली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (MIA) की पूरी कार्यकारिणी समिति ने कथित तौर पर प्रधान पद को लेकर की गई एकतरफा घोषणा को सिरे से खारिज कर दिया है। समिति ने स्पष्ट किया कि बिना चुनाव प्रक्रिया के एमआईए के अगले प्रधान के रूप में डिप्लास्ट प्लास्टिक्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर अशोक गुप्ता के नाम की घोषणा संस्था के संविधान का उल्ट है।
एमआईए के जनरल सेक्रेटरी दिलप्रीत बोपाराय ने कहा कि संस्था में अब तक सभी प्रधानों का चयन संस्था के मेमोरेंडम, आर्टिकल्स और बाय-लॉज अनुसार सामान्य सभा द्वारा मतदान प्रक्रिया से किया जाता रहा है। इस प्रक्रिया को दरकिनार करना लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान दोनों के खिलाफ है।
वर्तमान प्रधान मुकेश बंसल ने बताया कि एमआईए परिसर के शांतिपूर्ण कब्जे को लेकर मामला डिस्ट्रिक एवं सेशन कोर्ट , मोहाली में विचाराधीन है। ऐसे में बिना उचित प्रक्रिया के नए प्रधान की नियुक्ति करना पूरी तरह अनुचित और अस्वीकार्य है।
कार्यकारिणी समिति ने लोकतांत्रिक शासन, कानून के शासन और एमआईए के संविधान की गरिमा बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी सदस्यों से स्थापित प्रक्रियाओं का सम्मान करने की अपील की है।