डेराबस्सी 25 Jan :
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को लेकर डेराबस्सी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। एसएसपी हरमनदीप सिंह हांस के निर्देशों के तहत रविवार को डीएसपी भूपिंदर सिंह (कमांडर सेंटर, मोहाली) की अगुवाई में पुलिस द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
डीएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और आम जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की अफवाह, शरारती तत्वों की गतिविधि या कानून विरोधी हरकत को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी डेराबस्सी सुमित मोर, थाना प्रभारी हंडेसरा गुरमेहर सिंह, चौकी इंचार्ज मुबारकपुर कुलवंत सिंह, चौकी इंचार्ज लहली गुरविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने डेराबस्सी शहर के मुख्य बाजारों, संवेदनशील इलाकों, रिहायशी क्षेत्रों और अधिक आवाजाही वाले मार्गों पर पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएसपी ने कहा कि गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को दें।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से शहर में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे फ्लैग मार्च से शरारती तत्वों में डर बना रहता है और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं।