विभिन्न किसान संगठनों के आह्वान पर सैकड़ों किसान सड़कों पर उतरे; पुलिस ने भाजपा कार्यालय जाने से पहले ही रोका, सुरक्षा के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसानों ने मांग पत्र सौंपकर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
चंडीगढ़: न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को चंडीगढ़ में किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। विभिन्न किसान संगठनों के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान सेक्टर-35 स्थित किसान भवन में एकत्र हुए और वहां से रैली निकालकर सेक्टर-33 स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘कमलम’ का घेराव करने के लिए कूच किया। हालांकि, पहले से तैनात पुलिस ने किसान भवन के बाहर ही बैरिकेड लगाकर किसानों को रोक लिया।
बैरिकेड पार करने की कोशिश के दौरान किसानों और पुलिस के बीच कुछ देर धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया था। स्थिति तनावपूर्ण जरूर रही, लेकिन किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के चंडीगढ़ अध्यक्ष कुलदीप सिंह कुड्डू ने कहा कि यह देशभर में आयोजित विरोध कार्यक्रम का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि किसान एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, फसल बीमा योजना में व्यापक सुधार, प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का उचित मुआवजा तथा आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने जैसी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा स्वयं किसानों के बीच पहुंचे और उनका मांग पत्र स्वीकार किया। उन्होंने किसानों की मांगों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का भरोसा दिया। इसके बाद किसान शांतिपूर्वक वापस लौट गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।