जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल ने फहराया तिरंगा
रवि जैस्ट की रिपोर्ट :
कलायत। स्थानीय अनाज मंडी में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत गौरव और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली। कार्यक्रम पहुंचने पर एसडीएम अजय हुड्डा ने उनका स्वागत किया। समारोह में स्थानीय बुजुर्गों, महिलाओं, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, प्रशासनिक अधिकारियों और भारी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया। चेयरमैन कर्मबीर कौल ने गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए उन अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया, जिनके बलिदान की बदौलत आज हम स्वतंत्र हैं। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 1950 में हमारा संविधान लागू हुआ था, जिसने हमें न्याय, स्वतंत्रता और समानता के अधिकार दिए। चेयरमैन ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश व प्रदेश की प्रगति कर रहा है। विकास के नए नए आयाम छू रहा है। आज भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है। सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि शहीद सैनिकों, अर्ध-सैनिकों और अग्नि वीरों की अनुग्रह राशि बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दी गई है। अब तक 418 शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सभी 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद का भुगतान सीधे 48 घंटे में किसानों के खाते में किया जा रहा है। गन्ने का भाव 415 रुपये प्रति क्विटल दिया जा रहा है। आम जन के कल्याण के लिए हैप्पी योजना के तहत गरीब परिवारों को रोडवेज बसों में सालाना 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। हर घर-हर गृहणी योजना के तहत गरीब महिलाओं को 500 रुपये में सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश में 81 नए कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें से 31 केवल लड़कियों के लिए हैं। कर्मबीर कौल ने जोर देकर कहा कि परिवार पहचान पत्र के माध्यम से आज सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को घर बैठे मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांगों को 3200 रुपये मासिक पेंशन सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है। साथ ही, गांवों में म्हारा गांव जगमग गांव योजना के तहत 6019 गांवों में 24 घंटे बिजली सुनिश्चित की गई है। इसी प्रकार लाडो लक्ष्मी योजना शुरू करके और पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देकर उन्हें सशक्त बनाया गया है। खेलों के क्षेत्र में हरियाणा का डंका बज रहा है। ओलंपिक स्वर्ण विजेताओं को 6 करोड़ रुपये की नकद राशि और सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा देश प्रेम से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं परेड में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल ने सम्मानित किया। इस अवसर पर तहसलीदार अजय कुमार, बीडीपीओ रितू शर्मा, नगर पालिका सचिव पवन कुमार सहित भाजपा के मंडल अध्यक्ष के अलावा गणमान्य लोग मौजूद थे।