फुल्लावाल चुंगी पास बाइक-एक्टिवा की टक्कर पर महिला को बीच सड़क बुरी तरह पीटा
राजदीप सिंह सैनी
लुधियाना/यूटर्न/25 जुलाई। दुगरी स्थित फुल्लांवाल चुंगी के पास भाई के साथ बाइक पर जा रही महिला की एक्टिवा सवार युवक व युवती के साथ टक्कर हो गई। मामूली टक्कर के बावजूद युवक-युवती ने भाई-बहन को आगे जाकर बीच सड़क पर सरेआम घेर लिया। जिसके बाद बुरी तरह पिटाई की। महिला को जातिसूचक शब्द बोले और फिर डंडे से पीटा। उसका सिर व कान फाड़ दिया। खून से लथपथ करके भी हमलावर नहीं रुके और महिला को बालों से पकड़ बीच सड़क घसीटते ले गए। भीड़ इकट्ठी होने पर हमलावर भाग निकले। पीड़िता को सिविल अस्पताल दाखिल कराया। थाना दुगरी की पुलिस ने एलआईजी फ्लैट्स की राजिंद्र कौर की शिकायत पर शाम नगर गली नंबर चार के रहने वाले मनदीप सिंह और एमआईजी फ्लैट दुगरी फेस-3 की रहने वाली करीतिमा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रेड की गई, लेकिन वे दोनों फरार है। शिकायतकर्ता मुताबिक करीतिमा मूल्य रूप से फरीदकोट की रहने वाली है, लेकिन वर्तमान में लुधियाना रह रही है। पीड़िता को हमलावरों की एक्टिवा नंबर ही पता था। उसने इस संबंधी ऐड जारी कर एक्टिवा की जानकारी देने वाले को इनाम की घोषणा की। जिसके बाद उसे आरोपियों का पता चला।
सरेआम स्कूटी आगे लगाकर घेरा
शिकायतकर्ता राजिंद्र कौर ने बताया कि वह 27 मई को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपने भाई गगन के साथ पक्खोवाल रोड से फल खरीदकर जैन मंदिर वाली रोड से घर वापिस जा रही थी। इसी दौरान फुल्लांवाल चुंगी के पास एक सफेद रंग की स्कूटी पर उक्त आरोपी मनदीप सिंह और करीतिमा जा रहे थे। फुल्लांवाल चुंगी के पास क्रॉसिंग करते हुए उनकी बाइक आरोपियों की एक्टिवा के साथ थोड़ी सी टच हो गई। आगे जाकर आरोपी पीछे से तेज रफ्तार के साथ आए और एलआईजी फ्लैट के पास एक्टिवा आगे लगाकर बीच सड़क बाइक रोक ली। जिसके बाद बहस करने लगे।
बालों से पकड़कर बुरे तरीके से घसीटा
शिकायतकर्ता अनुसार स्कूटी पर स्क्रैच न पड़ने के बावजूद उन्होंने माफी मांगी, लेकिन आरोपी मनदीप और करीतिमा उसके साथ गाली गलोच करने लगे। उसे जातिसूचक शब्द बोले। मनदीप ने उसे बालों से पकड़कर मुंह पर थप्पड़ मारे। फिर डंडे से पीटा। उसके सिर और कान से खून निकलने लगा। लेकिन फिर भी आरोपी उसे पीटते रहे। शिकायतकर्ता का भाई राहगीरों से मदद मांगने लगा। करीतिमा ने शिकायतकर्ता को बालों से पकड़कर सड़क पर काफी दूर तक घसीटा। जिससे उसके मुंह पर चोटे आई। उसके पेट में टांगे मारी। बुरी तरह खून से लथपथ करने के बाद हमलावर वहां से भाग निकले।