सात दिवसीय यूरोप दौरे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। संसद को संबोधित करने से लेकर बिजनेस फोरम में भागीदारी तक कई अहम कार्यक्रम हुए। रोमानिया के साथ अगले तीन वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने और रक्षा सहयोग मजबूत करने पर भी सहमति बनी।
नई दिल्ली (Naren Danu) : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु यूरोप के तीन देशों—मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया—की सफल यात्रा पूरी कर रविवार को नई दिल्ली लौट आईं। राष्ट्रपति सचिवालय ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर उनके स्वदेश लौटने की जानकारी साझा की।
राष्ट्रपति ने अपनी यात्रा की शुरुआत 20 जुलाई को मोल्दोवा से की। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की मोल्दोवा की पहली आधिकारिक यात्रा रही। इसके बाद उन्होंने 21 और 22 जुलाई को उत्तरी मैसेडोनिया का दौरा किया, जहां उन्होंने संसद को संबोधित किया और भारत-उत्तरी मैसेडोनिया बिजनेस फोरम के उद्घाटन सत्र में हिस्सा लिया।
यात्रा के अंतिम चरण में राष्ट्रपति 23 जुलाई को रोमानिया पहुंचीं। तीन दशक से अधिक समय बाद किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की यह पहली रोमानिया यात्रा थी। इस दौरान दोनों देशों ने अगले तीन वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने के लक्ष्य पर सहमति जताई और रक्षा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
स्वदेश लौटने से पहले राष्ट्रपति मुर्मु ने रोमानिया में भारतीय समुदाय और 'फ्रेंड्स ऑफ इंडिया' संगठन के सदस्यों से भी मुलाकात की। इस दौरे में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया तथा सांसद दिनेश शर्मा और विजय बघेल भी उनके साथ मौजूद रहे।