लुधियाना/यूटर्न/27 जुलाई। शिवाजी नगर इलाके में पंजाब नेशनल बैंक के रिटायर्ड कैशियर एक्टिवा सवार बुजुर्ग को बाइक सवार दो बदमाशों ने इंडिकेटर न देने की बात कहकर रास्ते में रोक लिया। जिसके बाद शातिर तरीके से उसकी जेब से 5 हजार रुपए निकालकर फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित एस.के. नैय्यर द्वारा मामले की शिकायत पुलिस चौकी धर्मपुरा में दी गई है। पीड़ित एस.के. नैय्यर ने बताया कि वह पंजाब नेशनल बैंक से रिटायर कैशियर हैं। वह बैंक में कुछ काम निपटाने के बाद अपनी एक्टिवा पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक्टिवा सवार दो युवकों ने आगे आकर उन्हें रोक लिया। पीड़ित के अनुसार युवकों ने उनसे कहा कि मोड़ काटते समय उन्होंने इंडिकेटर क्यों नहीं दिया। इसी बात को लेकर दोनों ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया। आरोप है कि इसी दौरान एक ठग ने उनका कॉलर पकड़ लिया और दूसरे ने उनकी शर्ट की ऊपरी जेब में रखे करीब 5 हजार रुपये बड़ी सफाई से निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जाते समय उनका चश्मा उन्हें थमाते हुए बोले कि यह जमीन पर गिरा पड़ा था। बुजुर्ग उस समय ठगी को समझ नहीं सके। जब वह घर पहुंचे तो उन्हें वारदात का पता चला।
----