जीरकपुर 27 Jan : वीआईपी रोड स्थित मिल्टन टावर सोसाइटी में चौथी मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक महिला मित्र से मिलने सोसाइटी में आया था। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 194 के तहत केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक की पहचान संदीप उर्फ सनी निवासी मिल्टन टावर के रूप में हुई है। वह पेशे से रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता था। जानकारी के अनुसार, संदीप अपने दोस्त गुरसेवक सिंह के साथ सोसाइटी में मौजूद था। दोनों की एक कॉमन महिला मित्र से मिलने की योजना थी। मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ता देख संदीप वहां से निकलने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान चौथी मंजिल पर लगी रेलिंग के पास उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभालने और मदद करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने धारा 194 के तहत कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।