क्षेत्रवासियों का दावा, करीब 10 दिनों से सीवरेज मिश्रित पानी की हो रही सप्लाई; शिकायतों के बाद अधिकारी निरीक्षण कर लौटे, लेकिन हालात जस के तस। लोगों ने कहा कि दूषित पानी से स्वास्थ्य संबंधी खतरा बढ़ रहा है। नगर कौंसिल और प्रशासन से पेयजल नेटवर्क की जांच, लीकेज तलाशने और समस्या का जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की।
जीरकपुर : वार्ड नंबर-30 स्थित सिटी एन्क्लेव में दूषित पेयजल की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। क्षेत्रवासी नवतेज नवी ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 10 दिनों से सीवरेज का गंदा पानी पेयजल आपूर्ति में मिलकर लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। इससे लोगों को साफ और सुरक्षित पीने के पानी की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नवतेज नवी के अनुसार इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और उच्च अधिकारियों को कई बार जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद कुछ अधिकारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करते हैं और तस्वीरें खिंचवाने के बाद लौट जाते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दूषित पानी की सप्लाई के कारण उन्हें पीने और घरेलू इस्तेमाल के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि सीवरेज मिला पानी लंबे समय तक सप्लाई होता रहा तो इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति गंभीर बन सकती है।
नवतेज नवी ने प्रशासन और नगर कौंसिल से मांग की है कि पानी की लाइन और सीवरेज नेटवर्क की तुरंत जांच कर लीकेज या अन्य तकनीकी खामी का पता लगाया जाए और उसका स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को नियमित रूप से साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल मौके पर पहुंचकर औपचारिकता पूरी करने से नहीं, बल्कि ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने से होगा। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।