लुधियाना/यूटर्न/11 अगस्त। लुधियाना में लगातार हो रही अवैध पेड़ों की कटाई को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता रविंदर पाल सिंह घई ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पंजाब सरकार और संबंधित विभागों से तत्काल और ठोस कार्रवाई की मांग की है। इस संबंधी घई ने प्रिंसिपल चीफ कोनसर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट, प्रिंसिपल सेक्रेटरी पंजाब, डीसी लुधियाना और नगर निगम कमिश्नर को शिकायत भेजी गई है। रविंदर पाल घई ने आरोप लगाया कि पेड़ों की अवैध कटाई संबंधी मामलों में जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई करने के बजाय केवल कागजी कार्रवाई तक मामला सीमित रह जाता है। उन्होंने मांग की कि हॉर्टिकल्चर विभाग और वन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की स्पष्ट एवं दस्तावेजी एक्शन टेकन रिपोर्ट उपलब्ध करवाई जाए तथा यदि किसी अधिकारी या विभाग की लापरवाही सामने आती है तो उसकी जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने इस मामले में तत्काल जांच करवाकर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि पेड़ों की कटाई को लेकर कानून और नियम मौजूद हैं तो उनका सख्ती से पालन करवाना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जगराओं पुल पर एक कंपनी द्वारा कई पेड़ काट दिए गए हैं। इस मामले में कंपनी के साथ साथ जिम्मेदार अफसरों पर भी एक्शन होना चाहिए।
अगली पीढ़ियों के लिए गंभीर खतरा
पर्यावरण से खिलवाड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर खतरा है। घई ने कहा कि आज लुधियाना सहित पूरा पंजाब बढ़ते तापमान, प्रदूषण, बदलते मौसम और मानसून के असामान्य पैटर्न जैसी गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में पेड़ों की सुरक्षा और हरित क्षेत्र को बचाना पहले से कहीं अधिक जरूरी है।
---