केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने डल झील में शान से लहराते तिरंगे का वीडियो साझा करते हुए इसे ‘नए कश्मीर की नई पहचान’ बताया। उन्होंने कहा कि कश्मीर की खूबसूरती के बीच तिरंगा शांति, विकास और देश के प्रति गर्व की भावना का प्रतीक बन रहा है और घाटी में नई ऊर्जा का संदेश दे रहा है।
नई दिल्ली (Naren Danu) : स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आ रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को अपनी पत्नी के साथ दिल्ली स्थित आवास पर तिरंगा फहराया और देशवासियों से इस अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
राष्ट्रध्वज फहराने के बाद शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज देशवासियों के भीतर देशभक्ति और गौरव की भावना को और मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि करोड़ों भारतीय तिरंगे से जुड़कर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूती दे रहे हैं।
उधर, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कश्मीर से तिरंगे के साथ देशभक्ति का संदेश साझा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर डल झील का एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि शिकारा, डल झील और कश्मीर की खूबसूरती के बीच शान से लहराता तिरंगा ‘नए कश्मीर’ की नई पहचान बन रहा है।
शेखावत ने कहा कि कश्मीर की वादियों में तिरंगे की मौजूदगी शांति, विकास और देश के प्रति गर्व की भावना को दर्शाती है। उनके मुताबिक, यह केवल खूबसूरत दृश्य नहीं बल्कि ‘नए कश्मीर की नई ऊर्जा’ का प्रतीक है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले केंद्र सरकार के मंत्रियों और देशभर में नागरिकों की ओर से तिरंगा फहराने का सिलसिला तेज हो गया है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए सरकार देशवासियों को राष्ट्रध्वज के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने पर जोर दे रही है।