कांग्रेस के विदेश विभाग के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने पार्टी का आधिकारिक बयान जारी करते हुए केंद्र सरकार से सीमा विवाद को गंभीरता से लेने की अपील की। पार्टी ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वह इस मुद्दे को चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के समक्ष सीधे उठाएं और भारत के राष्ट्रीय हितों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
नई दिल्ली (Naren Danu) : अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास चीन की कथित गतिविधियों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ाते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर तत्काल और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि सीमा पर बदलते हालात केवल सुरक्षा का मामला नहीं हैं, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के भविष्य और आजीविका से भी जुड़े हुए हैं।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश के तकसिंग क्षेत्र में भारतीय गश्ती दलों की पारंपरिक पहुंच को बाधित किया है। पार्टी के अनुसार, यह केवल एक सीमाई विवाद नहीं, बल्कि भारतीय क्षेत्र में धीरे-धीरे अपनी मौजूदगी बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
कांग्रेस के विदेश विभाग के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने पार्टी का आधिकारिक बयान सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किया। बयान में कहा गया कि चीन की गतिविधियां भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं और इस पर केंद्र सरकार को स्पष्ट रणनीति के साथ आगे आना चाहिए।
पार्टी ने यह भी दावा किया कि अरुणाचल प्रदेश सरकार और सीमा से जुड़े स्थानीय समुदाय पहले ही इस मुद्दे पर अपनी चिंता व्यक्त कर चुके हैं। कांग्रेस के मुताबिक, सीमा के आसपास चीन की ओर से गांव बसाने जैसी गतिविधियां भी लंबे समय से चिंता का कारण बनी हुई हैं।
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से इस मुद्दे को सीधे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के समक्ष उठाने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए। पार्टी ने केंद्र सरकार से सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा देश की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए निर्णायक कदम उठाने का आग्रह किया।