न्यू चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुल्लांपुर क्षेत्र के पंच मोहित जंड और भानू अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर युवा बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़ रहे हैं और यही पार्टी की बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है।
मोहाली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की नीतियों से प्रभावित होकर रविवार को न्यू चंडीगढ़ में सैकड़ों युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। वरिष्ठ भाजपा नेता फतेहजंग सिंह बाजवा के नेतृत्व में मुल्लांपुर क्षेत्र के पंच मोहित जंड और भानू अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए।
भाजपा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पार्टी में शामिल हुए सभी युवाओं का गले में भाजपा का पटका पहनाकर स्वागत किया और उन्हें पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी। इस दौरान भाजपा नेताओं ने युवाओं से पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आज का युवा भाजपा की विचारधारा और नीतियों से प्रभावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपना व्यवसाय स्थापित करने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को ऐसे ऊर्जावान युवाओं की जरूरत है, जो नई सोच के साथ संगठन और समाज को आगे बढ़ाने में योगदान दें।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी और विकास कार्यों के कारण देशभर में विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ रहे हैं। यह भाजपा की विचारधारा और जनहितकारी नीतियों के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और देश में चहुंमुखी विकास हो रहा है।
भाजपा में शामिल हुए मोहित जंड और भानू ने कहा कि वे आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसे वे पूरी तनदेही और ईमानदारी से निभाएंगे।
मोहित जंड ने कहा कि पंजाब में मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और नशे जैसी समस्याएं गंभीर बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब को विकास और बेहतर व्यवस्था की दिशा में आगे ले जाने की क्षमता भाजपा में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर ही उन्होंने अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है।
इस मौके पर सांसद सतनाम सिंह संधू, मोहाली भाजपा जिला प्रधान संजीव वसीष्ठ, भानु राणा, संजय राणा, हिमांशु जंड, सुमित सिंह, लक्की मिश्रा, समादर्श वेद जोसफ, सकेंदर चौधरी, साहिल राणा, गोनी सोफत, जतिन जंड और निखिल गौतम सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।