डेराबस्सी में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनावी जीत की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए अभी से सक्रिय होने की जरूरत है।
डेराबस्सी : पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर देना शुरू कर दिया है। हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने डेराबस्सी में वरिष्ठ भाजपा नेता गुरदर्शन सिंह सैणी के निवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।
गुप्ता ने दावा किया कि भाजपा पंजाब में किसी दूसरे राजनीतिक दल के सहारे के बजाय अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी और सरकार बनाएगी। उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पार्टी ने अपने बलबूते सरकार बनाई और पंजाब में भी कार्यकर्ताओं की मेहनत से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता के लिए बूथ स्तर का संगठन सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए कार्यकर्ता अभी से लोगों के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाएं और केंद्र सरकार की नीतियों व पार्टी के कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाएं।
इस दौरान जिला ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष हरप्रीत सिंह सैणी, मेजर परागपुर, पुष्पिंदर मेहता, सानंत भारद्वाज सहित क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।