गुरु नानक देव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पंजाब सरकार ने तैयार किया विशेष वार्ड; उपचार के साथ सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम, जेल मंत्री ने कहा—कैदी और हवालाती भी समाज का हिस्सा, उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं देना सरकार की जिम्मेदारी, मानसिक स्वास्थ्य पर भी दिया जाएगा विशेष जोर; केंद्रीय जेल का निरीक्षण कर भोजन, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं की भी समीक्षा की।
अमृतसर : पंजाब के जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने सोमवार को गुरु नानक देव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, अमृतसर में पंजाब सरकार द्वारा तैयार किए गए 30 बिस्तरों वाले कैदियों के वार्ड का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि जेलों में बंद कैदियों और हवालातियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुचारू स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि कैदी और हवालाती भी समाज का हिस्सा हैं तथा जरूरत के अनुसार उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है।
नए वार्ड में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के साथ उपचार के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे।
उन्होंने कहा क़ि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ कैदियों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया जाएगा!
जेल मंत्री ने नवनिर्मित वार्ड का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को उपचार की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
केंद्रीय जेल का भी किया निरीक्षण
इसके बाद डॉ. रवजोत सिंह ने केंद्रीय जेल अमृतसर का दौरा कर जेल प्रबंधों और कैदियों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कैदियों और हवालातियों से बातचीत कर भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं संबंधी फीडबैक लिया और उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने जेल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ कैदियों की जायज आवश्यकताओं का नियमों के अनुसार समाधान किया जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम जय इंदर सिंह, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. करमजीत सिंह, डॉ. मृदु गुप्ता, डॉ. आई.पी.एस. ग्रोवर, जेल अधिकारी तथा अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ उपस्थित रहे।