डेराबस्सी स्थित श्री सुखमनी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स में आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने रचनात्मक और कार्यशील मॉडलों के माध्यम से मानव शरीर की संरचना और विभिन्न शारीरिक प्रणालियों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर प्रदान करना था।
डेराबस्सी : श्री सुखमनी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स (एसएसजीआई), डेराबस्सी में 13 अगस्त को पहली एनाटॉमी एवं फिजियोलॉजी प्रदर्शनी-2026 का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने उत्साह से भाग लिया। प्रदर्शनी का आयोजन एनाटॉमी विभाग की एचओडी डॉ. दिव्या और फिजियोलॉजी विभाग की एचओडी डॉ. गरिमा की अगुवाई में दोनों विभागों ने संयुक्त रूप से किया।
प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना और विभिन्न शारीरिक प्रणालियों की कार्यप्रणाली को व्यावहारिक तरीके से समझाना था। विद्यार्थियों ने एनाटॉमी और फिजियोलॉजी से संबंधित विभिन्न रचनात्मक एवं कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए। उन्होंने मॉडलों के माध्यम से संबंधित विषयों और अवधारणाओं की जानकारी भी दी। इस दौरान आयोजित फेस पेंटिंग गतिविधि में भी विद्यार्थियों ने उत्साह दिखाया।
कार्यक्रम के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। संस्थान के चेयरमैन कंवलजीत सिंह ने सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों और संबंधित विभागों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों द्वारा शैक्षणिक अवधारणाओं को व्यावहारिक मॉडलों के रूप में प्रस्तुत करने की सराहना की।
एसएसजीआई के निदेशक डॉ. दमनजीत सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान को व्यावहारिक समझ से जोड़ने का अवसर प्रदान करती हैं। साथ ही विद्यार्थियों में रचनात्मकता, टीमवर्क, आत्मविश्वास और संवाद कौशल विकसित करने में भी मदद करती हैं।