अजीत झा.
चंडीगढ़ 31 Jan । मनीमाजरा थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनीमाजरा इलाके में बड़ी सफलता हासिल की है। मनीमाजरा थाना पुलिस ने नडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 10.61 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी नियमित गश्त के दौरान की गई, जिससे क्षेत्र में नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में पुलिस को अहम कामयाबी मिली है।
थाना मनीमाजरा, चंडीगढ़ में FIR नंबर 17 दिनांक 30.01.2026 को धारा 21 नडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को एएसआई वीरेंद्र कुमार (1851/CHG) पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में झपटमारी और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से गश्त पर थे। शाम करीब 7 बजे, जब पुलिस टीम बीट बॉक्स गोबिंदपुरा के पास साधना वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, गोविंदपुरा, मनीमाजरा के नजदीक पहुंची, तो एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके पास से 10.61 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसे वह बिना किसी वैध लाइसेंस या परमिट के अपने कब्जे में रखे हुए था। बरामद नशीले पदार्थ को मौके पर ही सीजर मेमो के तहत पुलिस कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी हेरोइन कहां से लाया था और क्या वह किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
मनीमाजरा थाना पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या नशा तस्करी से जुड़ी जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।