पंजाब को नशा और अपराध मुक्त बनाने के अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तीन अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8.536 किलो हेरोइन, आठ अवैध पिस्तौल, चार कारतूस और 12.95 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विदेशी हैंडलरों से संबंध सामने आए हैं।
अमृतसर (आर. के. उप्पल) : पंजाब को नशा और अपराध मुक्त बनाने के अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ अवैध पिस्तौल, 8.536 किलो हेरोइन, चार जिंदा कारतूस और 12.95 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से नशे और अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले तीन प्रमुख नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।
विदेश बैठे हैंडलरों से जुड़े थे आरोपी
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। ये हैंडलर आरोपियों को अवैध हथियार और हेरोइन की खेप उपलब्ध करवाते थे, जिसे आरोपी आगे अन्य आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क और आगे-पीछे के संबंधों की जांच कर रही है।
हथियारों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
पहली कार्रवाई में पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर दर्शन सिंह उर्फ चन्ना और सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल बरामद किए। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उनके दो साथियों महाबीर सिंह और लवप्रीत सिंह उर्फ लव को भी गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चार अन्य अवैध पिस्तौल बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक इन चारों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं।
3.5 किलो हेरोइन और 12.10 लाख रुपये बरामद
दूसरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने हरमन सिंह उर्फ हंमा, नरेंद्र सिंह उर्फ रोबा और करण सिंह को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 3.5 किलो हेरोइन, एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और 12.10 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। अपराध में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
सगे भाइयों से मिली 5.01 किलो हेरोइन
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने गुरजंट सिंह उर्फ घुद्धा और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया। दोनों सगे भाई बताए गए हैं। इनके कब्जे से 5.01 किलो हेरोइन, एक पिस्तौल और 85 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद हुई।
तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज
पुलिस ने थाना कैंट और थाना छेहरटा में आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।