जगरांव के शेरपुरा रोड स्थित कॉटन मिल से जुड़े बकाया भुगतान का विवाद बढ़ गया है। अनाज मंडी के कई आड़तियों ने मिल से जुड़े पांच लोगों पर रकम न लौटाने का आरोप लगाते हुए एसएसपी ग्रामीण डॉ. अनकूर गुप्ता को शिकायत दी। आड़तियों के अनुसार उन्होंने किसानों को मूंग की फसल का भुगतान कर दिया, लेकिन मिल से बकाया राशि नहीं मिली। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : जगरांव के शेरपुरा रोड स्थित एक कॉटन मिल से जुड़ा बकाया भुगतान का विवाद अब तूल पकड़ चुका है। अनाज मंडी के कई आड़तियों ने मिल से जुड़े पांच व्यक्तियों पर उनकी बकाया रकम न चुकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस सिलसिले में आड़तिया एसोसिएशन के प्रधान जगपाल सिंह की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी ग्रामीण डॉ. अनकूर गुप्ता से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी है और मामले की निष्पक्ष जांच कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
आड़तियों का कहना है कि विभिन्न हिस्सों से किसान मूंग की फसल बेचने अनाज मंडी आते हैं, जिसकी खरीद प्रक्रिया के दौरान संबंधित मिल द्वारा मूंग की फसल खरीदी गई थी। आड़तियों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए किसानों को फसल का भुगतान अपने स्तर पर कर दिया, लेकिन मिल की ओर से उनका बकाया भुगतान न मिलने के कारण उनकी भारी-भरकम राशि फंस गई है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है।
पीड़ितों ने मिल संचालकों से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
आड़तियों का यह भी आरोप है कि मिल से जुड़े कुछ लोग अब जगरांव में नहीं रह रहे हैं, जिससे वसूली और भी मुश्किल हो गई है।
फिलहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है, जिसके बाद ही अगली कानूनी कार्रवाई की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।