लालड़ू नगर कौंसिल की बैठक में शहर की सफाई, पेयजल, सड़क और सीवरेज व्यवस्था से जुड़े कई प्रस्ताव मंजूर किए गए। आउटसोर्स पर काम कर रहे 80 सफाई कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर लाने का फैसला हुआ। आलमगीर व मगरा में नए ट्यूबवेल, धर्मगढ़ सड़क किनारे सीवरेज पाइपलाइन और सड़क चौड़ीकरण को मंजूरी मिली। विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने श्री गुरु रविदास भवन का नींव पत्थर भी रखा।
लालड़ू : नगर कौंसिल लालड़ू की शुक्रवार को प्रधान जोरावर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क, सीवरेज और अन्य विकास कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा विशेष रूप से मौजूद रहे। सबसे अहम फैसला कौंसिल में आउटसोर्स आधार पर काम कर रहे 80 सफाई कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर लाने का लिया गया।
बैठक में आलमगीर और मगरा क्षेत्र में पेयजल की समस्या दूर करने के लिए नए ट्यूबवेल लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। अधिकारियों के अनुसार इन ट्यूबवेल के लगने से संबंधित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बेहतर करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही कौंसिल क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने पर भी चर्चा हुई।
धर्मगढ़ संपर्क सड़क के किनारे डाली जाएगी सीवरेज पाइपलाइन
बैठक में धर्मगढ़ संपर्क सड़क के किनारे बने नाले को बंद कर उसके स्थान पर बड़ी सीवरेज पाइपलाइन डालने का फैसला लिया गया। नगर कौंसिल की सीमा में आने वाली धर्मगढ़ संपर्क सड़क को 20 फीट चौड़ा करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई। इसके अलावा नए बने बस अड्डे पर बिजली आपूर्ति की व्यवस्था के लिए ट्रांसफार्मर लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
नगर कौंसिल के अधीन आने वाले कम्युनिटी सेंटरों की बुकिंग फीस में भी बदलाव किया गया है। बैठक में बुकिंग फीस 1100 रुपये से बढ़ाकर 2100 रुपये करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
विकास कार्य प्राथमिकता से पूरे होंगे : रंधावा
विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि लालड़ू शहर से संबंधित लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा। लोगों को पेयजल, सफाई, सड़क और सीवरेज जैसी बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
बैठक के बाद विधायक रंधावा ने लालड़ू में प्रस्तावित श्री गुरु रविदास भवन के निर्माण कार्य का नींव पत्थर रखा। भवन के निर्माण पर करीब 24 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। भवन का इस्तेमाल धार्मिक, सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा।
इस अवसर पर नगर कौंसिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश मदान, उपाध्यक्ष अमन राणा सहित पार्षद, वार्ड इंचार्ज और रविदास समाज के सदस्य मौजूद रहे।